
आश्रय स्थल में रेस्टोरेंट और जिम खोलने का प्रस्ताव मंत्री श्री सिंह के सामने रखेंगे
निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया
खुरई। मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का सोमवार को मंत्री प्रतिनिधि लखन सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं ताकि जनता को इसका लाभ मिल सके।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड के निर्माणाधीन भवन में महिला जिम, मंदिर और वर्टिकल गार्डन के निर्माण की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एक महीने में महिला जिम शुरू किया जाए। आसपास की नालियों को ढका जाए। कहीं भी कचरा न दिखे। बाऊंड्रीवाल पर आकर्षक और प्रेरक पेंटिंग की जाए।
स्टेशन के पास आश्रय स्थल भवन का निरीक्षण करते हुए श्री सिंह ने कहा कि इसका निर्माण शीघ्र किया जाए। जिसे न्यूनतम दर पर लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके आगे की दुकानें किराये पर दी जाएंगी। इसके साथ ही ऊपर रेस्टारेंट, जिम और लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव मंत्री श्री सिंह के सामने रखने की बात नगरपालिका के सहायक यंत्री कुलदीप रघुवंशी से कही। अटल शापिंग कॉम्पलेक्स के निर्माण को देखते हुए श्री सिंह ने कहा की फर्श जरा भी ऊंचा-नीचा न हो, ऐसा होने पर लोगों को परेशानी होगी। अच्छे से फिनिशिंग की जाए। यहां एक जिम खोलने पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर नगरपालिका के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।