
_
बांदरी एवं खुरई के ग्रामों में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन
_
विकास पर्व अंतर्गत निर्माण व विकास कार्यों के भूमिपूजन, लोकार्पण हुए
_
जिला पंचायत की पूर्व उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज सिंह ने बुधवार को बांदरी के ग्राम रेडोन रैयतवारी व हिन्नौदा एवं खुरई के ग्राम परासरी, मोहासा में विकास पर्व अंतर्गत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर बांदरी, खुरई के इन चार ग्रामों में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन भी किया गया। उन्होंने प्रत्येक ग्राम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर प्रदेश सरकार की योजनाओं और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों पर जानकारी दी।
श्रीमती सरोज सिंह ने ग्राम रेडोन रैयतवारी में 30.69 लाख के कृषक सुविधा केन्द्र का भूमिपूजन करते हुए कहा कि मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह के विशेष प्रयासों से आपके ग्राम में कस्टम हायरिंग सेन्टर (कृषक सुविधा केन्द्र) का निर्माण कराया जा रहा है। इससे 11 ग्राम पंचायतों को लाभ मिलेगा। कृषि सुविधा केन्द्र से किसानों को कृषि यंत्र, खाद व बीज वितरण सहित कृषि से संबंधित तकनीकी जानकारी, पशुपालन से संबंधी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि मंत्री श्री सिंह का मानना है कि क्षेत्र का किसान जब समृद्ध होगा तो क्षेत्र में भी समृद्धि आएगी। इसके अलावा श्रीमती सरोज सिंह ने ग्राम परासरी में 3.34 लाख लागत के सीसी रोड, 3.37 लाख लागत के आरसीसी नाली निर्माण, मुहासा में 1.84 लाख लागत के शांतिधाम निर्माण का भूमिपूजन किया। उन्होंने बम्होरी हुड्डा में मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा कराए गए 14.14 लाख रूपए के निर्माण कार्यों का विस्तृत ब्यौरा दिया।
श्रीमती सरोज सिंह ने कहा कि जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन इसलिए किया जाता है कि आप अपनी समस्याएं बता सकें, जिन्हें मौके पर उपस्थित अधिकारियों से निराकृत कराया जा सके। अगर कोई समस्या या कोई ऐसा कार्य है जो बड़ा है तो आप मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह को बताईये वे उसे दिल्ली, भोपाल तक ले जाकर पूरा कराएंगे। उन्होंने कहा के क्षेत्र में लगातार शिविरों का आयोजन हो रहा है मैं स्वयं इन शिविरों में लोगों से पूंछती हूं कि आपके क्या काम हो चुके है, क्या रह गए हैं। इसी प्रकार हर जनप्रतिनिधि का दायित्व बनता है कि वह अपने क्षेत्र में लोगों की समस्याओं पर ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं को लाड़ली बहना योजना के रूप में एक और सौगात दी है। उन्होंने बताया कि योजना में पहले 23 वर्ष से 60 वर्ष से कम की महिलाएं पात्र थीं। सरकार अब इस योजना में आयु सीमा घटाकर 21 और 22 वर्ष की बहनें व जिन बहनों के नाम से ट्रेक्टर हैं उन्हें भी इस योजना का लाभ दिया जाएगा। जो महिलाएं 60 वर्ष से अधिक की हैं उन्हे वृद्धापेंशन के छह सौ रूपए के साथ लाड़ली बहना का लाभ मिलाकर 1 हजार रूपए प्रतिमाह दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में 63 हजार लाड़ली बहनों को योजना का लाभ मिल रहा है। श्रीमती सरोज सिंह ने लाड़ली बहना योजना में आवेदन कर इसका लाभ लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में श्री पप्पू मुकद्दम, राजेश राय, संतोष कुशवाहा, कुलदीप राय, राजाराम सिंह हड़ुआ, महेन्द्र यादव, पुष्पेन्द्र यादव, हैदल अली, मजहेनद्र लोधी, लल्लू पाल, श्रीराम यादव, मोहन सिंह कुशवाहा, वीरेन्द्र सिंह राजपूत, महेन्द्र सिंह राजपूत, जगदीश सिंह लोधी, चित्तर सिंह ठाकुर, आनंद यादव, महेश पाराशर, गोपाल सिंह, सोमेश यादव, केशव अहिरवार, धनसिंह पटैल बांदरी, देवकी संतोष कुशवाहा, ताराबाई अहिरवार, कल्यान सिंह लोधी, बदन सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।