June 7, 2023

भारत की प्रगति को उम्मीद से देख रहे सभी देश- मंत्री भूपेन्द्र सिंह

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आर्थिक समृद्धि की नींव रखी- मंत्री भूपेन्द्र सिंह

प्रदेश भाजपा का संभागीय प्रशिक्षण वर्ग

सागर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक पटल पर एक शक्तिशाली, सामर्थ्यवान और दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भाजपा सरकार के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सबसे अधिक विकास दर और सबसे कम बेरोजगारी दर वाला तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला राज्य बन गया है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने यह विचार मध्यप्रदेश भाजपा द्वारा यहां आयोजित संभागीय मीडिया प्रशिक्षण वर्ग में अपने ओजस्वी संबोधन में रखे।

प्रशिक्षण वर्ग में प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा सरकार के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास विषय पर अपने प्रबोधन में मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में गढ़ा जा रहा भारत पं दीनदयाल उपाध्याय जी और महात्मा गांधी जी के संकल्पों के अनुरूप है। विदेश नीति के मोर्चे पर देखें तो प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने अमेरिका से अपने संबंध मजबूत किए हैं लेकिन इसके चलते रूस से अपने प्रगाढ़ संबंधों पर आंच नहीं आने दी। भारत से शत्रुता भाव रखने वाले चीन और पाकिस्तान की भारत विरोधी गतिविधियों को रोकने में हमारी सरकार सफल रही है। विश्व में भारत की छवि सहज, मैत्रीपूर्ण लेकिन शक्तिशाली देश की बनी है जो भारत की सुरक्षा से समझौता नहीं करता है।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जब विश्व के प्रमुख देश आर्थिक मंदी,मुद्राओं के उतार चढ़ाव और मंहगाई जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, ये सभी देश भारत की प्रगति को उम्मीद की नजरों से देख रहे हैं। सबसे तेजी से बढ़ती हुई भारत की अर्थव्यवस्था ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था से आगे निकल चुकी है और 5 ट्रिलियन डालर का लक्ष्य छूने की ओर बढ़ रही है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की उपलब्धि है। मंत्री श्री सिंह ने बताया कि कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में बैंकिंग सेक्टर एनपीए का अंतर बढ़ जाने से दिवालिया होने के कगार पर पहुंचा था। आज बैंकिंग सेक्टर में मजबूती है जो देश की आर्थिक गति को ऊर्जा देती है। देश की औद्योगिक नीतियों को इस तरह से परिवर्तित किया गया है कि विदेशी कंपनियों को भारत में निवेश में सरलता रहे लेकिन उत्पादन इकाईयां भारत में ही लगाई जाएं ताकि देश के युवाओं को रोजगार की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। भारत के पास आज विश्वकल्याण, शांति और पर्यावरण की चुनौतियों का समाधान भी है। जी-20 देशों की अध्यक्षता भारत को मिलना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाले नये सामर्थ्यवान भारत का एक संकेत है।

मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने संभाग भर से प्रशिक्षण वर्ग में आए मोर्चा संगठनों के जिला, मंडल मीडिया प्रभारियों वह सहप्रभारियों को बताया कि 2020 के कोरोना काल में भारतीय वैज्ञानिकों ने जिस तेजी के साथ विश्व की सबसे प्रभावशाली कोविड वैक्सीन बना कर विश्व का सबसे बड़ा निःशुल्क टीकाकरण कार्यक्रम चलाया और कई देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराई यह प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार का बड़ा वैश्विक योगदान था। आज जब चीन में कोरोना से हजारों मौतें हो रही हैं हमारा देश इसी टीकाकरण अभियान के कारण सुरक्षित अनुभव कर रहा है।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने की नीति से प्रतिवर्ष देश को सवा लाख करोड़ रुपए की बचत हो रही है जो कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी। आज देश में सभी का अपना बैंक खाता है। शासकीय योजनाओं का पैसा सीधे हितग्राहियों के खाते में जाने से बिचौलिया संस्कृति हट गई। विमुद्रीकरण जैसे कठोर आर्थिक सुधारों से देश में आर्थिक समृद्धि की नींव रखी गई। पीएम आवास योजना विश्व की सबसे बड़ी आवास योजना बन गई है।

  

मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बालाकोट सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, कश्मीर से धारा 370 खत्म करना, सीएए और तीन तलाक़ कानून लागू करना भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कारीडोर, पूर्वोत्तर सीमाओं का सुदृढ़ीकरण, आयुष्मान योजना जैसे सैकड़ों ऐसे बड़े निर्णय और कार्य हैं जिनसे देश सुरक्षित, मजबूत और वैभवशाली हुआ है।

मंत्री श्री सिंह ने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों से मीडिया प्रभारियों को अवगत कराते हुए बताया कि गुडगवर्नेंस में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह का दस वर्ष का शासनकाल मध्यप्रदेश का अंधकार युग था जब भारतीय रिजर्व बैंक ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य घोषित कर दिया था और मध्यप्रदेश सरकार के चेकों के भुगतान पर रोक लगा दी थी। 2003 में भाजपा सरकार के आने के बाद मध्यप्रदेश आज अग्रिम पंक्ति के राज्यों में खड़ा है। मंत्री श्री सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश की विकास देश में सर्वाधिक 19.6 प्रतिशत है और सकल घरेलू उत्पादन में 200 प्रतिशत की वृद्धि है जो देश में सर्वाधिक है। मध्यप्रदेश आज 11लाख 50 हजार करोड़ की अर्थव्यवस्था है जिसका केपिटल इन्वेस्टमेंट 41 हजार करोड़ रुपए है।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि दस्यु समस्या का उन्मूलन, नक्सलवाद और आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण के बाद मध्यप्रदेश में माफियाओं के खिलाफ अभियान प्रगति पर है। माफियाओं के कब्जे से 23 हजार एकड़ सरकारी जमीन मुक्त कराई गई है जिसे गरीबों के आवास और विकास कार्यों में उपयोग किया जाएगा। लव जेहाद के खिलाफ दस साल की सजा का कानून और धर्मांतरण के प्रकरण में 60 दिन के पहले पूर्व सूचना दिए जाने का प्रावधान किया गया है। तीन लाख किमी सड़कों का निर्माण हुआ है और अमरकंटक से गुजरात तक नर्मदा एक्सप्रेस वे बन रहा है जिससे विकास की गति बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के इंदौर में जनवरी में प्रवासी भारतीय सम्मेलन-2023 होगा जिसमें 100 देशों के प्रतिनिधि, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी शामिल होंगे। इंन्वेस्टर्स सबमिट, खेलों इंडिया, यूथ गेम्स की मेजबानी से मध्यप्रदेश के बढ़ते वैभव का पता चलता है। श्री महाकाल लोक को देखने प्रतिदिन डेढ़ लाख श्रद्धालु आ रहे हैं और इसका पेज़ टू निर्मित होने पर यह तादाद और बढ़ी जाएगी।

  

प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित किया। प्रशिक्षण सत्र के उद्घाटन सत्र में प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, प्रदेश मंत्री प्रभुदयाल पटेल, श्रीमती लता वानखेड़े, नगरनिगम परिषद अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह, देवाशीष तिवारी, अनिल पटेल जी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *