September 24, 2023

सागर में अब तक का सबसे बड़ा मंच बनाने का काम गति पर

सागर। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने तीनबत्ती पहुंच कर 26 नवंबर को गौरव जयंती पर आयोजित सागर गौरव दिवस के विशाल मंच का निरीक्षण किया और अधिकारियों से तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। इस मंच पर मुख्यमंत्री लगभग ढाई घंटे से अधिक समय रहेंगे और प्लेबैक सिंगर उदित नारायण और पद्मश्री रामसहाय पांडे जी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

  मंत्री श्री सिंह को अधिकारियों ने बताया कि मंच का आकार लगभग 6000 वर्ग फुट है, इतना बड़ा मंच सागर के इतिहास में पहले कभी नहीं लगाया गया। मंच की पर्याप्त ऊंचाई रखी गई है जिससे दूर तक प्रत्येक गतिविधियां दर्शकों को दिखाई दे सकेंगी। तीन बत्ती से कटरा पुलिस चैकी तक कुर्सियों की बैठक व्यवस्था रहेगी जिनके आसपास निर्धारित अंतराल पर एलईडी स्क्रीनों से भी मंच दिखाई देता रहेगा।

सागर गौरव दिवस आयोजन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर दीपक आर्य ने मंत्री श्री सिंह को बताया कि एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था है। दोनों ओर के सभी भवनों को मल्टीकलर फोकस्ड फ्लड लाइट से आलोकित किया जाएगा। कुछ भवनों पर सीरीज से लाइटिंग भी होगी। भव्य आतिशबाजी भी होगी जो फायर सेफ्टी के साथ की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह के साथ सांसद राजबहादुर सिंह,महापौर प्रतिनिधि डा सुशील तिवारी, कलेक्टर दीपक आर्य, नगरनिगम आयुक्त चंद्रशेखर शुक्ला, निगम परिषद अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, संतोष रोहित, नेवी जैन, एसडीएम सपना त्रिपाठी, पार्षद शैलेन्द्र ठाकुर, रामू ठेकेदार, गुड्डा खटीक, विशाल खटीक, देवेन्द्र अहिरवार और पत्रकारगण उपस्थित  थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *